नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को निहंग सिंह ने तलवार/कृपाण से हमला करने की कोशिश की। घटना तख्त श्री हजूर साहिब से जुड़े गुरुद्वारा माता साहिब कौर के पास हुई। हमले में सुखबीर बादल के हाथ पर चोट लगी है। उन्हें फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11:30 बजे उस समय हुई, जब सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उन पर कृपाण से हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सुरक्षा जवानों ने तुरंत बीच-बचाव कर आरोपी को काबू में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह पगड़ी बांधता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हमले के दौरान गुरुद्वारे के पास स्पेशल सिक्योरिटी में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्र पर भी हमला हुआ, जिसमें उनके घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हमले के बाद सामने आए एक वीडियो में सुखबीर सिंह बादल को एक इमारत के अंदर जाते हुए देखा गया। उनके दा
हिने हाथ पर कपड़ा बंधा हुआ नजर आ रहा है। घटना के समय उनकी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ मौजूद थीं। दोनों ने गुरुवार को तख्त श्री हजूर साहिब में माथा टेका था।
पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सचखंड श्री हजूर साहिब में सुखबीर बादल पर हमले की खबर से उन्हें काफी चिंता हुई है। उन्होंने बादल के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि हिंसा के लिए, विशेषकर पवित्र तख्तों की धरती पर, कोई जगह नहीं है।
गौरतलब है कि सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर भी हमला करने की कोशिश हुई थी। उस समय वह धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा निभा रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौड़ा नामक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया था और सुखबीर बादल बाल-बाल बच गए थे।
फिलहाल नांदेड़ पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

