- केजरीवाल को मिली जान से मारने की धमकी को बताया राजनीतिक ड्रामा, बोले- मामले की जांच NIA को सौंपी जाए; AAP पर अपराधियों को संरक्षण देने और पंजाब का माहौल खराब करने के लगाए आरोप
चंडीगढ़, 13 नवंबर 2026: पंजाब भाजपा के नेता सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल को व्हाट्सएप के जरिए मिली जान से मारने की धमकी के मामले को लेकर जाखड़ ने सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक नाटक करार दिया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा पूरा ड्रामा रचा गया है और अगर धमकी का मामला गंभीर है तो इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी जानी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जाखड़ ने कहा कि किसी अरबपति से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने वाला कोई पागल ही होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब की स्थिति खराब हो गई है और गांव-गांव में फिरौती मांगी जा रही है। जाखड़ ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, “ये कांटे आपके ही बोए हुए हैं और इन्हें आपको ही चुनना पड़ेगा।”
केजरीवाल को मिली धमकी पर उठाए सवाल, NIA जांच की मांग
सुनील जाखड़ ने कहा कि केजरीवाल को मिली धमकी का मामला इंटर-स्टेट है, ऐसे में इसकी जांच मोहाली में क्यों करवाई जा रही है? उन्होंने सवाल किया कि जब यह मामला दूसरे राज्यों से भी जुड़ा हो सकता है तो इसकी जांच NIA को सौंपी जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस राज्य में लंबित कई मामलों की जांच पूरी नहीं कर पाई है। ऐसे में इस मामले को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि अगर केजरीवाल को वास्तव में धमकी मिली है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जाखड़ ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी के नेता लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले भी वीडियो इंटरव्यू करवाए गए थे, अब भी करवाकर उनसे पूछ लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अपराधियों और गैंगस्टरों का प्रभाव बढ़ा है और सरकार इस स्थिति को नियंत्रित करने में विफल रही है।
भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने पंजाब में आकर माहौल खराब किया और नफरत फैलाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 में पंजाब में AAP की सरकार नहीं बनी, यह राज्य के लिए अच्छा रहा, अन्यथा हालात और खराब हो सकते थे।
जाखड़ ने कांग्रेस और AAP दोनों पर अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देने के आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस के समय 128 मुकदमों वाले आरोपियों को पार्टी में शामिल करने का जिक्र किया और कहा कि अब यही स्थिति आम आदमी पार्टी में भी दिखाई दे रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, उन्हें राजनीतिक संरक्षण और अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा दी जा रही है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब पुलिस का बड़ा हिस्सा कुछ नेताओं और उनके परिवारों की सुरक्षा में लगा हुआ है।
सुनील जाखड़ ने कहा कि पंजाब को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो अपराधियों और बदमाशों के सामने मजबूती से खड़ा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पंजाब में राजनीतिक माहौल खराब करने के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि जनता आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी को जवाब देगी, लेकिन पार्टी जाते-जाते पंजाब में कई समस्याएं छोड़कर जा रही है। जाखड़ ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि पंजाब में आग लगाने वाले केजरीवाल और सिसोदिया हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील जाखड़ ने अपने चुनाव लड़ने की अटकलों पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि वह पहले भी चुनावी राजनीति से बाहर थे और आज भी चुनाव लड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है।
अकाली दल के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में कोई भी फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो वास्तव में पंथक सोच रखते हैं, उनके साथ गठबंधन को लेकर विचार किया जा सकता है।
अंत में जाखड़ ने केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को पंजाब आने की चुनौती देते हुए SIR का जिक्र किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह दोनों का वोट बनवाने की गारंटी देते हैं, बशर्ते वे पंजाब आएं। उन्होंने कहा कि जनता से आम आदमी पार्टी के घोषित उम्मीदवारों के बारे में फीडबैक लेना चाहिए, तभी उन्हें राज्य की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

