- 1400 ग्राम सोने के विवाद में चलीं गोलियां,
- दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा था सोने के लेन-देन का विवाद, पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही हुई फायरिंग; आरोपियों की तलाश में छापेमारी
अमृतसर, 9 नवंबर 2026
पवित्र शहर अमृतसर में दिवाली की रात खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुई फायरिंग में गोली लगने से युवक प्रताप सिंह की मौत हो गई, जबकि झगड़ा शांत कराने और मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे पंजाब पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
https://www.facebook.com/share/v/1A2eEpgw75/
मामले की जानकारी देते हुए ACP रविंदर पाल सिंह ने बताया कि झगड़े में शामिल दोनों पक्षों के सदस्य पहले एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे। एक पक्ष में दो भाई थे, जबकि दूसरे पक्ष में भी दो भाई शामिल थे। दोनों पक्षों के बीच करीब 1400 ग्राम सोने के लेन-देन और उसकी वापसी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि सोने के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। इलाके के गणमान्य लोगों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने की कोशिश की, लेकिन विवाद का कोई समाधान नहीं निकल सका।
दिवाली की रात दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। उनके बीच पहले तीखी बहस हुई, जिसके बाद एक पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के ASI अपनी टीम और सीनियर कांस्टेबल साहिब सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस टीम के पहुंचते ही एक पक्ष के युवक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, आरोपी को काबू करने की कोशिश कर रहे पुलिस के ASI भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
भारी पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश में छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। घायल ASI को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

