नई दिल्ली/चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026: पंजाब की राजनीति में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। करीब छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (बादल) एक बार फिर साथ आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर दिया है। दोनों पार्टियां 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। इस ऐलान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को फोन कर बधाई दी।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
अमित शाह और सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गठबंधन की घोषणा की। शाह ने अकाली दल का एनडीए में स्वागत करते हुए कहा कि अकाली दल एनडीए का सबसे पुराना सहयोगी रहा है। दोनों पार्टियों ने पहले भी कई चुनाव मिलकर लड़े हैं। हमारा रिश्ता हमेशा अटूट रहा है और अब एक बार फिर दोनों दल साथ आए हैं।
अकाली दल होगा बड़ा भाई, मुख्यमंत्री भी उसी पार्टी से बनेगा
गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने स्पष्ट संकेत दिया कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। उन्होंने कहा कि बड़ा भाई ही मुख्यमंत्री होता है। यानी आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा।
हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अलग से चर्चा की जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल पंजाब के लिए साझा घोषणापत्र तैयार करेंगे। इसमें नशे का खात्मा, भ्रष्टाचार पर रोक, कानून-व्यवस्था में सुधार और गैंगस्टरवाद को समाप्त करना प्रमुख मुद्दे होंगे।
उन्होंने दावा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा किसानों की समस्याओं का समाधान, युवाओं के लिए रोजगार और राज्य के आर्थिक विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
शाह ने कहा कि पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को मजबूत करना भी गठबंधन का अहम उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए पंजाब में बदलाव लाएगा।
गठबंधन की घोषणा के बाद सुखबीर सिंह बादल ने 8 दिसंबर को मोगा में बड़ी रैली आयोजित करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
यह रैली पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर आयोजित की जा रही है। इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों की संयुक्त राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।
2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूटा था गठबंधन
गौरतलब है कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था। अकाली दल ने इन कानूनों के विरोध में एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। दोनों पार्टियों ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़े थे।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पुराने सहयोगियों ने फिर हाथ मिला लिया है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

