खडूर साहिब, 21 नवंबर 2026: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार को लेकर आज उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा (अमृतसर) में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे गांव और आसपास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
अमृतसर ग्रामीण के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल के अनुसार, गांव के प्रवेश मार्गों और श्मशान घाट के आसपास बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर की अदालत ने तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। उन्हें दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिली है।
अमृतपाल सिंह को शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फ्लाइट से अमृतसर एयरपोर्ट लाया गया। इसके बाद बुलेटप्रूफ वाहन और पुलिस के काफिले के साथ उन्हें उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में अमृतपाल सिंह की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

