- श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर कमरा लेने के लिए आवाजें लगाने का आरोप; निहंग बोले- पहले भी समझाया, लेकिन नहीं माने, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
अमृतसर, 18 नवंबर 2026: अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) के आसपास श्रद्धालुओं को कमरे दिलाने के लिए रास्ते में रोककर आवाजें लगाने वाले कुछ युवकों के खिलाफ निहंगों ने कार्रवाई की है। निहंग सिंहों ने कथित रूप से युवकों को रोककर थप्पड़ मारे और डंडों से पिटाई की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो देखने कि लिए क्लिक करें
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 54 सेकेंड के वीडियो में एक निहंग रास्ते में एक युवक को रोककर उससे पूछताछ करता दिखाई दे रहा है। युवक बताता है कि उसका होटल है। इस पर निहंग उसे समझाते हैं कि कई बार मना करने के बावजूद वह श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर कमरा लेने के लिए आवाजें लगा रहा है। इसके बाद निहंग ने कथित रूप से युवक को थप्पड़ मारते हैं।
वीडियो में युवक आगे बढ़ते हुए इस कार्रवाई पर सवाल करता है, जिसके बाद निहंग उसे दोबारा थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं। इसके अलावा वीडियो में दो अन्य युवकों को भी रोककर थप्पड़ और डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है।
श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर परेशान करने का आरोप
निहंग परमजीत सिंह अकाली ने कहा कि गोल्डन टेंपल में देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगत माथा टेकने पहुंचती है। लेकिन कुछ लोग रास्ते में श्रद्धालुओं को रोककर जबरदस्ती कमरा लेने के लिए पूछते हैं। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है और गुरुनगरी की छवि पर भी असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई बार लोग रिश्तों का लिहाज किए बिना महिलाओं और परिवारों को भी रास्ते में रोककर कमरे के बारे में पूछने लगते हैं। इससे बाहर से आने वाली संगत असहज महसूस करती है।
निहंग राजवीर सिंह अकाली ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों को लेकर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और संबंधित लोगों को समझाया गया था, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अपनी हरकतें जारी रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिसे कमरे की जरूरत होगी, वह खुद होटल या सराय में जाकर कमरा ले सकता है। श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर परेशान करना उचित नहीं है। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ नशेड़ी गोल्डन टेंपल परिसर में मंजी साहिब की ओर बैठे दिखाई दिए थे। इसी वीडियो के आधार पर निहंग संबंधित लोगों की तलाश में वहां पहुंचे थे। हालांकि, मौके पर वे लोग नहीं मिले।
इसी दौरान निहंगों को कुछ युवक श्रद्धालुओं को रास्ते में रोककर कमरा लेने के लिए आवाजें लगाते दिखाई दिए, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
करीब चार महीने पहले भी गोल्डन टेंपल के आसपास कमरों के लिए श्रद्धालुओं को परेशान करने का मामला सामने आया था। उस समय एक परिवार ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में महिला ने शिकायत की थी कि गरीब व्यक्ति के लिए यहां घूमना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि कमरे दिलाने वाले लोग काफी परेशान करते हैं। उस समय भी निहंगों ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
नोट: वीडियो में मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। युवकों के खिलाफ लगाए गए आरोप निहंगों के बयानों पर आधारित हैं।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
