नई दिल्ली 23 सितंबर 2026
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के बीच वित्त मंत्रालय ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने घोषणा की है कि रविवार, 27 सितंबर 2026 को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन कार्यदिवस लागू करना शामिल है। UFBU का दावा है कि वह बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी के बाद लगातार तीन दिनों की हड़ताल होने से बैंकिंग सेवाएं लंबे समय तक प्रभावित हो सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्राहकों को अतिरिक्त बैंकिंग सुविधा देने के लिए 27 सितंबर को रविवार के बावजूद बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, इस दिन सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्यदिवस की तरह काम करेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़े कार्यालयों और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की है। साथ ही, जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना किसी रुकावट के जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले ही हड़ताल की संभावित तारीखों की जानकारी देते हुए जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते पूरा करने की सलाह दी है।
ऐसे में बैंक ग्राहकों के लिए 27 सितंबर रविवार को बैंकिंग कार्य निपटाने का अतिरिक्त मौका मिलेगा, जबकि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

