स्कूल में बच्चे को छोड़ने पहुंची मां के पीछे-पीछे अंदर दाखिल हुआ व्यक्ति, परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
जालंधर। पंजाब के जालंधर में एक निजी स्कूल परिसर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति के दाखिल होने का मामला सामने आया है। बच्चे को स्कूल छोड़ने पहुंची एक महिला ने व्यक्ति की गतिविधियों पर शक होने के बाद शोर मचा दिया। इसके बाद परिजनों और स्कूल सुरक्षाकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने संदिग्ध की पिटाई भी की। सूचना मिलने पर बस्ती बावा खेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामला न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित माता गुजरी खालसा मॉडर्न स्कूल का है। बच्चे को स्कूल छोड़ने आई महिला के मुताबिक, उक्त व्यक्ति काफी समय से इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। स्थानीय लोगों ने जब उससे पूछताछ की तो वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें–
महिला के अनुसार, जब वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने पहुंची तो संदिग्ध व्यक्ति भी उसके पीछे-पीछे स्कूल परिसर में दाखिल हो गया। महिला ने जब सुरक्षाकर्मी से उसके बारे में जानकारी मांगी तो व्यक्ति ने अलग-अलग बातें बतानी शुरू कर दीं। कभी उसने बच्चे के एडमिशन की बात कही, तो कभी बच्चे को छोड़ने और अपने भाई से मिलने का दावा किया।
व्यक्ति के बार-बार बयान बदलने के बाद महिला और अन्य परिजनों का शक गहरा गया। उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल को बुलाने की मांग की और व्यक्ति को मौके पर ही रोक लिया। घटना की जानकारी फैलते ही स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने संदिग्ध की पिटाई कर दी।
अभिभावकों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब आम अभिभावकों के लिए स्कूल परिसर में प्रवेश को लेकर सुरक्षा नियम लागू हैं, तो एक अनजान व्यक्ति स्कूल के अंदर कैसे पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बस्ती बावा खेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह स्कूल परिसर में क्यों आया था और उसकी वास्तविक मंशा क्या थी।
वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जैसे ही परिजनों ने सुरक्षाकर्मियों को व्यक्ति के बारे में बताया, उसे रिसेप्शन के पास ही रोक लिया गया था। प्रबंधन के अनुसार, व्यक्ति ने शुरुआत में एडमिशन के संबंध में स्कूल आने की बात कही थी, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए रोका गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यक्ति की मंशा और बच्चे के अपहरण के प्रयास की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

