ढाका 20 सितंबर 2026
बांग्लादेश के चट्टोग्राम में सैन्य अभ्यास के दौरान बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। हथहाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में फायरिंग ड्रिल के दौरान चीन निर्मित टाइप-59 टैंक में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में टैंक के अंदर मौजूद बांग्लादेश सेना के दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बांग्लादेशी सेना के जवान फील्ड फायरिंग रेंज में टैंक से गोला दागने का अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान टैंक के बैरल के अंदर ही विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि टैंक आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल सैन्य अधिकारी को तत्काल उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) पहुंचाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विस्फोट की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
बांग्लादेश सेना के अंतर-सेवा जनसंपर्क निदेशालय (ISPR) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंक में विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट तकनीकी खराबी, गोला-बारूद की समस्या या किसी अन्य कारण से हुआ।
हादसे के बाद चीनी निर्मित टाइप-59 टैंकों की सुरक्षा और तकनीकी स्थिति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, आधिकारिक जांच पूरी होने से पहले विस्फोट के लिए टैंक की निर्माण गुणवत्ता या किसी विशेष तकनीकी खामी को जिम्मेदार ठहराना जल्दबाजी होगी।
बांग्लादेश सेना ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

