जालंधर, 10 सितंबर 2026:
केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री चूनीलाल भगत के निधन से गम में डूबे भगत परिवार पर गुरुवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूर्व मंत्री के निधन के कुछ ही समय बाद उनके दामाद के जीजा मोहनलाल भगत के भी निधन की खबर सामने आई। एक ही दिन परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों और रिश्तेदारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मोहनलाल भगत को कुछ दिन पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था। इसके बाद उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। वह कोमा में चले गए थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मोहनलाल भगत जालंधर के दिलबाग नगर के निवासी थे। वह सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके जानने वालों के लिए भी यह खबर बेहद पीड़ादायक रही।
भगत परिवार के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद रहा। परिवार अभी पूर्व मंत्री चूनीलाल भगत के निधन के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि दामाद मोहनलाल भगत के निधन की खबर ने इस दुख को और गहरा कर दिया।
एक ही दिन परिवार के दो सदस्यों को खोना भगत परिवार के लिए किसी गहरे आघात से कम नहीं है। इस असहनीय दुख की घड़ी में परिवार के करीबियों और शुभचिंतकों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी और परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

