जालंधर, 6 सितंबर 2026
भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर शहरी के प्रवक्ता सन्नी शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नेता दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने के बाद आम आदमी पार्टी पूरी तरह बौखला गई है और अपनी राजनीतिक निराशा छिपाने के लिए झूठे प्रचार का सहारा ले रही है।
सन्नी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा हाल ही में कुछ लोगों को पार्टी में शामिल करवाकर उन्हें भाजपा से जुड़ा हुआ बताने का प्रयास किया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि उन लोगों का भाजपा से कोई संगठनात्मक संबंध नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कथित तौर पर शामिल करवाए गए व्यक्तियों में से कोई भी भाजपा का पदाधिकारी तो दूर,पार्टी का प्राथमिक सदस्य तक नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को जनता को गुमराह करने की बजाय पंजाब सरकार की विफलताओं का जवाब देना चाहिए। प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ता नशा, बेरोजगारी, उद्योगों का पलायन और बिजली संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। इन असफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए आप नेता रोज नए राजनीतिक ड्रामे रच रहे हैं।
सन्नी शर्मा ने कहा कि भाजपा आज पंजाब में तेजी से मजबूत हो रही है और विभिन्न वर्गों के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों तथा भाजपा की राष्ट्रवादी सोच से प्रभावित होकर पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। भाजपा के बढ़ते जनाधार और संगठन की मजबूती से आम आदमी पार्टी के नेताओं में घबराहट साफ दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी के पास वास्तव में कोई भाजपा नेता या पदाधिकारी शामिल हुआ है तो वह उसका नाम, पद और सदस्यता का प्रमाण सार्वजनिक करे। केवल फोटो खिंचवाकर और झूठे दावे करके राजनीतिक साख नहीं बचाई जा सकती।
सनी शर्मा ने कहा कि जनता अब आम आदमी पार्टी की हकीकत को अच्छी तरह समझ चुकी है। झूठे प्रचार और मनगढ़ंत दावों से भाजपा की बढ़ती ताकत को रोका नहीं जा सकता। भाजपा कार्यकर्ता पहले से अधिक मजबूती और उत्साह के साथ संगठन विस्तार में जुटे हैं तथा आने वाले समय में पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी को उसकी जनविरोधी नीतियों का जवाब देगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

