आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल; बघेल को असम, सुरजेवाला को गुजरात की जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 6 सितंबर 2026
कांग्रेस ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का नया प्रभारी नियुक्त किया है। पायलट ने भूपेश बघेल की जगह ली है। बघेल को अब असम का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने विभिन्न राज्यों के लिए नए प्रभारी और महासचिवों की नियुक्तियों की घोषणा की। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में सचिन पायलट की नियुक्ति को आगामी चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को साधने की महत्वपूर्ण कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से अलग-अलग नेताओं और गुटों के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से जुड़े खेमों के बीच भी कई मौकों पर मतभेद सार्वजनिक हुए हैं। भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान पार्टी नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया था।
अब छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी दी गई है। पायलट के सामने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को एकजुट करने, पार्टी कार्यकर्ताओं में सक्रियता बढ़ाने और विभिन्न गुटों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की चुनौती होगी।
अन्य राज्यों में भी बदलाव
कांग्रेस ने गुजरात में रणदीप सिंह सुरजेवाला को महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। वह कर्नाटक के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभालते रहेंगे। गुजरात में अगले साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, अलवर के पूर्व सांसद और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह को एआईसीसी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। गुजरात के प्रभारी रहे मुकुल वासनिक एआईसीसी महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

