सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा 2027 में पंजाब में सरकार बनाएगी : शीतल अंगुराल
जालंधर, 31 अगस्त 2026
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने सोमवार को भाजपा पंजाब मुख्यालय, चंडीगढ़ में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तथा पंजाब प्रभारी श्री सतीश पूनिया और भाजपा पंजाब प्रदेश अध्यक्ष श्री केवल सिंह ढिल्लों से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शीतल अंगुराल ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, अनुसूचित जाति समाज तक भाजपा की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
शीतल अंगुराल ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंजाब में भी पार्टी तेजी से जनाधार बढ़ा रही है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करते हुए सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश भर में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
भाजपा पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने शीतल अंगुराल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर बल दिया।
इस दौरान पंजाब में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा समाज के विभिन्न वर्गों को भाजपा के साथ जोड़ने संबंधी विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

