सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट, ई-मेल में 13 सितंबर तक PCA स्टेडियम न जाने की चेतावनी, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू किया तलाशी अभियान
चंडीगढ़, 31 अगस्त 2026। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को चंडीगढ़ और मोहाली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे कंट्रोल रूम को धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिली। सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस अधिकारियों को अलर्ट किया गया और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
PCA स्टेडियम को भी बनाया निशाना
धमकी भरे ई-मेल में विशेष रूप से 13 सितंबर तक PCA स्टेडियम में क्रिकेट मैच देखने नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। ई-मेल में स्टेडियम में बम विस्फोट करने की धमकी भी दी गई, जिसके बाद मोहाली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेडियम में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
बम निरोधक दस्ता और विशेषज्ञ टीमें पूरे परिसर की जांच कर रही हैं, जबकि स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा भी की जा रही है।
‘शेरे पंजाब क्रिकेट टूर्नामेंट’ के बीच बढ़ी सतर्कता
यह धमकी ऐसे समय सामने आई है जब रविवार को ही पंजाब सरकार की ओर से आईपीएल की तर्ज पर आयोजित ‘शेरे पंजाब क्रिकेट टूर्नामेंट’ का शुभारंभ PCA स्टेडियम में हुआ था। टूर्नामेंट के चलते बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश जारी
सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी वास्तविक है या फिर किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से इसे भेजा है। फिलहाल सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

