देवी तालाब मंदिर परिसर में दो पक्षों के बीच पथराव; एक आरोपी गिरफ्तार
जालंधर, 2 अगस्त 2026:
जालंधर में मेयर एवं नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के नवनियुक्त इंचार्ज वनीत धीर की शुक्राना यात्रा के दौरान रविवार को श्री देवी तालाब मंदिर परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्रा में शामिल समर्थक मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, वनीत धीर हाल ही में नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं। इसी के उपलक्ष्य में उन्होंने समर्थकों के साथ शुक्राना यात्रा निकाली थी, जो श्री देवी तालाब मंदिर पहुंची। इसी दौरान मंदिर परिसर में मौजूद दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर पथराव में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद में दोनों पक्षों ने मंदिर की गरिमा को दरकिनार करते हुए एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। घटना से मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
घटना के समय पुलिस बल भी यात्रा के साथ मौजूद था। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया और मौके से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, वनीत धीर को नॉर्थ का प्रभारी बनाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा नाराजगी भी जताई जा रही थी। हालांकि, पथराव की घटना के पीछे यही कारण है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

