नशे और अपराध पर लगाम लगाने का किया ऐलान
जालंधर, 28 नवंबर 2026: 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को जालंधर के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गुलदस्ते देकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिसके बाद उन्होंने आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण किया।
इस मौके पर विभिन्न थानों के एसएचओ, डीसीपी और एसीपी रैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले गुरप्रीत सिंह भुल्लर अमृतसर में आईजीपी बॉर्डर रेंज के पद पर तैनात थे। हालांकि, जालंधर शहर उनके लिए नया नहीं है। वह सितंबर 2018 से सितंबर 2021 तक जालंधर के पुलिस कमिश्नर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह जालंधर देहाती में एसएसपी के पद पर भी तैनात रह चुके हैं।
नशे और अपराध को खत्म करना प्राथमिकता: भुल्लर
पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि शहर में नशे और अपराध को खत्म करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इस दिशा में गंभीरता से काम करेगा।
उन्होंने शहरवासियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के आपसी तालमेल से नशे के कारोबार तथा आपराधिक वारदातों पर प्रभावी ढंग से नकेल कसी जा सकती है।
गुरप्रीत सिंह भुल्लर की जालंधर में दोबारा वापसी को पुलिस प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब शहरवासियों की निगाहें उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और नशे के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर रहेंगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

