जालंधर, 19 अगस्त 2026:
विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा मुराद शाह जी में आयोजित होने वाला 66वां वार्षिक मेला इस बार दो दिन के बजाय केवल एक दिन आयोजित किया जाएगा। डेरा बाबा मुराद शाह जी ट्रस्ट ने 21 अगस्त को प्रस्तावित ‘पंजाब बंद’ के आह्वान को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
ट्रस्ट प्रबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पहले वार्षिक मेले का आयोजन 20 और 21 अगस्त को होना था, लेकिन अब पूरा मेला 20 अगस्त 2026 को ही संपन्न होगा।
21 अगस्त को नहीं होगा कोई कार्यक्रम
ट्रस्ट के अनुसार, 21 अगस्त को डेरा परिसर में किसी भी प्रकार का स्टेज कार्यक्रम, कव्वाली, सांस्कृतिक कार्यक्रम अथवा अन्य धार्मिक आयोजन नहीं किया जाएगा। मेले से संबंधित सभी प्रमुख धार्मिक रस्में, झंडा चढ़ाने की परंपरा और कव्वाली के कार्यक्रम 20 अगस्त को ही पूरे किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं से बदले कार्यक्रम के अनुसार पहुंचने की अपील
डेरा बाबा मुराद शाह जी ट्रस्ट प्रबंधन ने देश-विदेश से आने वाली संगत से अपील की है कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही अपनी यात्रा और दर्शन की योजना बनाएं। ट्रस्ट ने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सकेगा और किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से यह जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की है, ताकि दूर-दराज से आने वाली संगत को मेले के कार्यक्रम में हुए बदलाव की समय रहते जानकारी मिल सके।
अब 66वां वार्षिक मेला 20 अगस्त को ही आयोजित होगा, जबकि 21 अगस्त के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

