बोले- गैंगस्टरों और नशा तस्करों को नहीं उठाने देंगे सिर
जालंधर, 27 नवंबर 2026: हरकमलप्रीत सिंह खख ने शुक्रवार को जालंधर देहाती के नए SSP के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने उनका गुलदस्ते और गुलाब के फूल देकर स्वागत किया। वहीं, पुलिस की टुकड़ी की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
चार्ज संभालने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि जालंधर में उनकी यह घर वापसी है और वह पहले की तरह ही पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम को सही दिशा में आगे बढ़ाना और इसे प्रभावी तरीके से लागू करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गैंगस्टरवाद के खिलाफ कार्रवाई भी पुलिस का मुख्य एजेंडा होगा। आने वाले समय में अपराधियों को सिर उठाने का मौका नहीं दिया जाएगा और जालंधर में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
SSP ने पुलिस और आम जनता के बीच दूरी खत्म करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम लोगों की सेवा करना है और इसके लिए जनता के साथ सीधा तालमेल होना जरूरी है। पुलिस के कामकाज में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने और लोगों की शिकायतों पर सीधे कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। इस संबंध में उन्होंने पदभार संभालने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
उन्होंने कहा कि जालंधर में अपराध करने वाले और कानून व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले लोगों को गिरफ्तार करना पुलिस की प्राथमिकता होगी। शहर और देहात क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम करेगी।
इस दौरान SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने आम जनता के लिए अपना मोबाइल नंबर 9915022000 सार्वजनिक करते हुए कहा कि लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे उन्हें WhatsApp के माध्यम से भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना और लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करना है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

