होशियारपुर, 27 नवंबर 2026: पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा में शुक्रवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब बलगड़ां चौक के पास पुलिस और कार सवारों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की ओर से करीब 6 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें एक सिविलियन मोहम्मद रफी की बाजू में गोली लग गई। घायल को पुलिस ने सिविल अस्पताल दसूहा में भर्ती करवाया है।
जानकारी के अनुसार, एक सफेद रंग की कार के पीछे पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी। पुलिस कार सवारों का पीछा करते हुए लगातार फायरिंग कर रही थी। करीब 200 मीटर के दायरे में पुलिस की ओर से एक के बाद एक 6 गोलियां चलाई गईं।
इसी दौरान बलगड़ां चौक पर भीड़ के बीच आरोपियों की कार फंस गई। भागने की कोशिश में कार सवारों ने करीब 6 अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद चौक से लगभग 200 मीटर आगे पुलिस ने उनकी कार को घेर लिया।
बताया जा रहा है कि कार से उतरकर तीन लोग मौके से फरार हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल थी। हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गोली लगने से घायल मोहम्मद रफी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान और पूरे मामले को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। दसूहा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी।
घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

