- बूटा मंडी में कारोबारी के बेटे के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर भड़का दलित समाज, प्रदर्शनकारियों ने रविदास चौक के दोनों तरफ सड़कें की जाम; SC/ST एक्ट के तहत FIR और हथियार का लाइसेंस रद्द करने की मांग
जालंधर, 19 नवंबर 2026: जालंधर के बूटा मंडी स्थित रविदास चौक पर जातिसूचक गालियां देने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोपों को लेकर विवाद गरमा गया है। इस मामले में दलित समाज और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने रविदास चौक के दोनों तरफ सड़कें जाम कर दी हैं, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हो रहा है। धरने पर बैठे लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
जानकारी के अनुसार, मामला बैंक कॉलोनी शू मार्केट के पास का है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि स्थानीय कारोबारी एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रविंद्र चौधरी के बेटे का रास्ता वरुण महाजन उर्फ बिट्टू महाजन ने रोक लिया। इस दौरान कथित तौर पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित परिवार के अनुसार, दिवाली के त्योहार के चलते उन्होंने उसी दिन मामले को आगे नहीं बढ़ाया, लेकिन दो दिन बाद पुलिस को लिखित शिकायत दे दी थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और लगातार टालमटोल करती रही।
प्रदर्शनकारियों और समाज के नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जब कथित आरोपी को थाने बुलाया गया तो उसने एसएचओ और पार्षदों के सामने भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां दीं। प्रदर्शनकारियों ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करवाने की मांग की है।
SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग
धरने पर बैठे लोगों और वकीलों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित संबंधित कानूनी धाराओं के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। इसके साथ ही आरोपी का हथियार लाइसेंस रद्द करने की भी मांग उठाई गई है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में पूरे जालंधर में बंद का आह्वान किया जाएगा।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

