जालंधर, 24 अगस्त 2026
जालंधर में पिछले पांच दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। नगर निगम मेयर वनीत धीर और निगम कमिश्नर संदीप ऋषि के साथ यूनियन नेताओं की बैठक के बाद सहमति बनने पर सफाई कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल वापस लेकर दोबारा काम पर लौटने का फैसला किया है।
हड़ताल के कारण पिछले पांच दिनों से शहर में कूड़ा उठाने का काम बुरी तरह प्रभावित रहा। मॉडल टाउन, अर्बन स्टेट, पठानकोट चौक, आदर्श नगर सहित शहर के कई इलाकों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए थे। गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जबकि शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई थी।
बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों की मांगों और उनकी समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के बाद यूनियन नेताओं ने फिलहाल हड़ताल समाप्त करने और कर्मचारियों के काम पर लौटने का निर्णय लिया।
आज से दोबारा शुरू होगा सफाई अभियान
हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम की ओर से आज से शहर में दोबारा कूड़ा उठाने और सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। निगम की टीमें सबसे पहले उन इलाकों में सफाई को प्राथमिकता देंगी, जहां पिछले पांच दिनों के दौरान सबसे अधिक कचरा जमा हो गया है।
मेयर वनीत धीर ने कहा कि हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई कर्मचारी दोबारा अपने काम पर लौटेंगे और शहर में जहां-जहां कूड़े के ढेर लगे हैं, वहां तेजी से सफाई करवाई जाएगी। नगर निगम आने वाले दिनों में लगातार अभियान चलाकर शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह पटरी पर लाने का प्रयास करेगा।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

