कौमी इंसाफ मोर्चा का 21 अगस्त को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद का आह्वान; बाजार, स्कूल-कॉलेज, बस और रेल सेवाएं प्रभावित होने की आशंका, इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी जारी
चंडीगढ़/मोहाली। बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर मोहाली में प्रदर्शन कर रहे कौमी इंसाफ मोर्चा ने 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया है। मोर्चे ने सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बंद रखने की घोषणा की है। बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और अकाली दल वारिस पंजाब दे समेत कई संगठनों का समर्थन मिला है।
मोर्चे की अपील के चलते बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, फैक्ट्रियों, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक परिवहन पर असर पड़ने की संभावना है। मोर्चा नेताओं ने हाईवे पर चक्काजाम करने तथा सरकारी और निजी वाहनों की आवाजाही रोकने की बात कही है। बस और रेल सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
SGPC के कार्यालय और संस्थान रहेंगे बंद
SGPC के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बंद का समर्थन करते हुए कहा है कि 21 अगस्त को SGPC का मुख्य कार्यालय सहित सभी संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि SGPC की अंतरिम कमेटी की बैठक, जो पहले 21 अगस्त को होनी थी, अब 22 अगस्त को सुबह 11 बजे होगी।
स्कूल-कॉलेजों को लेकर स्थिति
मोर्चा प्रवक्ता के अनुसार बंद के दौरान स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे और सरकारी बसों को चलने नहीं दिया जाएगा। मोहाली के कई स्कूलों में छुट्टी की सूचना सामने आई है। हालांकि, सभी स्कूलों को लेकर अभी एक समान आधिकारिक आदेश जारी होने की पुष्टि नहीं हुई है। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल की ओर से जारी सूचना जरूर जांच लें। उधर, जालंधर के कई स्कूलों ने कल की छुट्टी के मैसेज अभिभावकों को भेजने शुरु कर दिए हैं
इमरजेंसी सेवाओं को छूट
मोर्चे ने अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं को बंद से बाहर रखने की बात कही है। इसके अलावा एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों, शादी समारोह में जाने वाले लोगों और भोग में शामिल होने जा रहे लोगों को भी नहीं रोकने की बात कही गई है।
बंदी सिंहों की रिहाई की मांग
कौमी इंसाफ मोर्चा उन सिख कैदियों की रिहाई की मांग कर रहा है, जिनके बारे में मोर्चा नेताओं का कहना है कि वे अपनी सजा पूरी करने के बावजूद जेलों में बंद हैं। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में जेल में बंद जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग भी की जा रही है।
मोर्चा नेताओं का कहना है कि बंद के दौरान लोगों को जागरूक किया जाएगा और शांतिपूर्ण तरीके से बंद सफल बनाने की अपील की जाएगी। बंद के मद्देनजर लोगों से घर से निकलने से पहले अपने क्षेत्र की स्थिति और यातायात व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की गई है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

