पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया माहौल
जालंधर। सीटी इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में खाने को लेकर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद कैंपस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, कैंपस की कैंटीन में खाना खाने के दौरान एक छात्र के खाने में टैबलेट मिलने की बात सामने आई। इसको लेकर कश्मीरी छात्रों की कैंटीन संचालक से कहासुनी हो गई। इसी दौरान कुछ अन्य छात्रों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और छात्र आपस में भिड़ गए।
विवाद के दौरान कैंपस में मौजूद अन्य छात्रों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मामला प्रबंधन तक पहुंचने के बाद इंस्टीट्यूट के गेट बंद कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
कुछ सूत्रों ने विवाद के दौरान तेजधार हथियार चलने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस ने छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सूचना कैंटीन में खाने को लेकर कश्मीरी और अन्य छात्रों के बीच विवाद की मिली थी। पुलिस ने कहा कि विवाद को किसी भी तरह का धार्मिक रंग देने की जरूरत नहीं है। समय रहते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कैंपस में स्थिति नियंत्रण में है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

