तेज हवा से आग ने लिया विकराल रूप, कई फैक्ट्रियां और घर चपेट में; दमकल की 20 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
जालंधर: 18 अप्रैल 2026
पंजाब के जालंधर शहर के वेस्ट हलके में काला सिंघा रोड स्थित गांव कादियां में शनिवार सुबह एक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवा के कारण तेजी से आसपास के इलाकों में फैल गई। इस हादसे में करीब 70 से 80 झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं, जबकि पास की दो फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। कई लोगों की जीवनभर की जमा पूंजी और गृहस्थी आग में जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक गोदाम से धुआं उठता देखा गया। लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई। आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और आसमान में धुएं का गुबार छा गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल अधिकारी नरेश कुमार के मुताबिक सुबह करीब 10:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में पांच फायर टेंडर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में 15 से 20 फायर टेंडर और टैंकर मौके पर तैनात किए गए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
आग में कई बाइकों, घरेलू सामान और गोदाम में रखा कबाड़ पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आसपास रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की टीम करीब एक घंटे देरी से मौके पर पहुंची, जिसके कारण नुकसान और अधिक बढ़ गया। वहीं पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा जा रहा है।
पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक व्यक्ति ने बताया कि आग में उसका घर पूरी तरह जल गया और उसके पास अब कुछ भी नहीं बचा। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
