- 14 और 15 नवंबर को दिरबा में ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ होगा प्रदर्शन, मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
पंजाब, 10 नवंबर 2026। पंजाब में सरकारी बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है। पंजाब रोडवेज़, PUNBUS और PRTC के कच्चे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। मंगलवार सुबह लुधियाना समेत राज्य के सभी 27 डिपो में कर्मचारियों ने गेट रैलियां कर सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपने अगले आंदोलन की रूपरेखा घोषित की।
कर्मचारी नेताओं ने ऐलान किया कि 14 और 15 नवंबर को दिरबा में ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 16, 17 और 18 नवंबर को राज्यभर में बस हड़ताल की जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो यह हड़ताल अनिश्चितकालीन भी हो सकती है।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप
गेट रैली के दौरान कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में वेतन में बढ़ोतरी, कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करना और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
कर्मचारी नेताओं ने यह भी ऐलान किया कि सरकारी बसों को सत्ताधारी पार्टी की किसी भी रैली में नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें आंदोलन और हड़ताल का रास्ता न अपनाना पड़े।
अगर 16 से 18 नवंबर तक प्रस्तावित हड़ताल होती है, तो पंजाब में सरकारी बस सेवाओं पर इसका असर पड़ सकता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

