-
गढ़ा रोड स्थित प्रबल स्टील के ठिकाने पर दिल्ली से पहुंची IT टीम ने खंगाले दस्तावेज; मुख्य प्रबंधन और प्रमोटरों के आवासों पर भी एक साथ तलाशी, कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में मचा हड़कंप
जालंधर, 14 नवंबर 2026: आयकर विभाग (IT) ने पंजाब के जालंधर, बटाला सहित चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी की है। वीरवार सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई शनिवार तक जारी रहने की जानकारी सामने आई है। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से लोहा, स्टील और औद्योगिक कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संबंधित कंपनी के मुख्य प्रबंधन और प्रमोटरों के आवासों पर भी तलाशी ली गई। अधिकारियों ने वित्तीय रिकॉर्ड, कारोबारी दस्तावेजों और निजी संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।
प्रबल स्टील पर दिल्ली से पहुंची IT टीम
जालंधर में गढ़ा रोड स्थित मार्केट के पास प्रबल स्टील नाम की फर्म पर आयकर विभाग की बड़ी टीम ने छापेमारी की। वीरवार सुबह शुरू हुई यह कार्रवाई शुक्रवार और शनिवार तक जारी रही। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के लिए दिल्ली से आयकर विभाग की टीम जालंधर पहुंची थी। छापेमारी के दौरान दिल्ली नंबर की कई गाड़ियां मौके पर देखी गईं।
आसपास के दुकानदारों के अनुसार, वीरवार सुबह अचानक आयकर विभाग की टीम फर्म में पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद से टीम लगातार फर्म के अंदर दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की जांच करती रही। शुक्रवार को भी अधिकारियों की आवाजाही जारी रही।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान टीम ने फर्म से बड़ी मात्रा में दस्तावेज और कुछ अन्य सामान अपने कब्जे में लिया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन दस्तावेजों को कब्जे में लिया गया और आयकर विभाग की जांच का मुख्य आधार क्या है।
अधिकारी बोले- कई जगहों पर कार्रवाई जारी, औपचारिक जानकारी नहीं दे सकते
आयकर विभाग के एक अधिकारी ने ऑफ कैमरा बताया कि जालंधर, बटाला, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर कार्रवाई जारी है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।
कार्रवाई के दौरान मौके पर थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस के कुछ कर्मचारी भी मौजूद रहे। हालांकि, पुलिस कर्मचारियों ने भी मामले को लेकर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों, जांच के दायरे और कार्रवाई में सामने आए तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जांच पूरी होने और विभाग की ओर से औपचारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

