- स्कूल-कॉलेज और मेडिकल स्टोर रहेंगे खुले
- लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित संगठनों में भारी रोष, आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
जालंधर 9 सितंबर 2026
लुधियाना में भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान की घटना के बाद पंजाब के विभिन्न जिलों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में दलित समुदाय और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जालंधर में भी विभिन्न जत्थेबंदियों ने कल सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर बंद रखने का ऐलान किया है।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि की अगुवाई में बंद का आह्वान किया गया है। हालांकि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोर खुले रखने का निर्णय लिया गया है।
राजीव गोरा ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के अपमान की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि इसी स्थान पर पहले भी प्रतिमा के शीशे तोड़े जाने की घटना सामने आ चुकी है। उस समय समुदाय की ओर से प्रतिमा के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ बार-बार ऐसी घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और प्रतिमा की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध करने की मांग की। गोरा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी के प्रगट दिवस से पहले हुई इस घटना से समुदाय में भारी रोष है, जिसके चलते बंद का फैसला लिया गया है।
वहीं, गौरव वाल्मीकि ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल अपने हित साधने के लिए ऐसी घटनाओं को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि समुदाय बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और प्रतिमा के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के विरोध में जालंधर बंद का आह्वान किया गया है। संगठनों ने लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

