जालंधर, 2 नवंबर 2026। त्योहारी सीजन के मद्देनजर जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में 13 एकड़ क्षेत्र में पटाखा बाजार सजाया जाएगा। सोमवार को रेडक्रॉस भवन में जिला प्रशासन की ओर से अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस आवंटित करने के लिए लकी ड्रा निकाला गया। इसमें कुल 409 आवेदकों में से 20 कारोबारियों का चयन किया गया, जिन्हें पटाखों की दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसके अलावा दो अतिरिक्त नामों का भी ड्रा निकाला गया, ताकि किसी चयनित कारोबारी का लाइसेंस रद्द होने की स्थिति में दूसरे आवेदकों को मौका दिया जा सके। 
लाइसेंस आवंटन की यह प्रक्रिया एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। कुल 409 कारोबारियों ने अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। लकी ड्रा के माध्यम से चयनित 20 कारोबारियों के नाम घोषित करने के बाद प्रशासन की ओर से उनके लाइसेंस जारी कर दिए गए। पटाखा मार्केट में दुकानें लगाने के लिए शहर के कारोबारियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
जिला प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रत्येक दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटाखा मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विकास भंडारी ने बताया कि इस बार बाजार की तैयारियों में करीब छह दिन की देरी हुई है। गांव के सरपंच की ओर से अदालत में याचिका दायर किए जाने के कारण तैयारियों का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि पटाखा एसोसिएशन को हर साल बाजार लगाने के लिए उपयुक्त जगह तलाशने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विकास भंडारी के मुताबिक, पिछले साल जगह कम होने के कारण पार्किंग की गंभीर समस्या सामने आई थी। इससे कारोबारियों को भी नुकसान की चिंता सताती रही। इस बार बेहतर व्यवस्था और पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गांव राओवाली में 13 एकड़ क्षेत्र में पटाखा मार्केट लगाने की तैयारी की गई है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

