httpswww.facebook.comsharev19mnwXE7J3
दशहरा ग्राउंड में कमरे से मिला युवक का शव, पास में सिरिंज मिलने की सूचना; एसीपी बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की होगी पुष्टि
जालंधर, 13 सितंबर 2026
जालंधर के बस्ती शेख इलाके में स्थित दशहरा ग्राउंड में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बस्ती दानशमंदा निवासी भूषण कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक शीतल अंगुराल भी मौके पर पहुंचे। इलाके के लोगों और शीतल अंगुराल ने युवक की मौत के पीछे नशे को संभावित कारण बताया, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटनास्थल पर पहुंचे शीतल अंगुराल ने युवक की मौत को लेकर पंजाब सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान के बावजूद ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शव के पास मिली सिरिंज को कथित तौर पर मौके से हटा दिया गया और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अंगुराल ने यह भी आरोप लगाया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को नहीं बुलाया गया और मामले की उचित तरीके से जांच नहीं की गई।
वहीं, एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि बस्ती शेख के दशहरा ग्राउंड स्थित एक कमरे में युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना में यह भी बताया गया था कि शव के पास एक सिरिंज पड़ी हुई है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
एसीपी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत नशे के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत नशे की वजह से ही हुई है। युवक की मौत किसी अन्य कारण से भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामले में जो भी कार्रवाई बनती होगी, वह पुलिस की ओर से की जाएगी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

