डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक पर जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया रोष धरना
- लुधियाना में बाबा साहब की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष
- पुलिस प्रशासन ने प्रतिमा की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात की, आश्वासन के बाद भाजपा ने समाप्त किया धरना
- जब तक बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध नहीं होते, भाजपा अपना संघर्ष जारी रखेगी : अशोक सरीन हिक्की
जालंधर, 8 सितंबर 2026
लुधियाना में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के साथ हुई बेअदबी की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जालंधर द्वारा मंगलवार को डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक में जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में रोष धरना दिया गया। धरने में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर पंजाब सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया और बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की मांग उठाई।
भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल किसी एक समाज या वर्ग के नेता नहीं, बल्कि भारत के संविधान के निर्माता और देश के करोड़ों लोगों के सम्मान एवं अधिकारों के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ बेअदबी की घटना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को लुधियाना की घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए और प्रदेशभर में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए स्थायी एवं पुख्ता व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, भाजपा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान पूरे देश का सम्मान है। उनकी प्रतिमा के साथ बेअदबी जैसी घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने कहा कि बाबा साहब ने देश के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार, सम्मान और समानता का मार्ग दिखाया। उनकी प्रतिमा का अपमान करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। सरकार और प्रशासन को इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
भाजपा जालंधर के पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्यों का प्रतीक है, इसलिए इसकी सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।
भाजपा नेता विपन सभरवाल ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं केवल धातु या पत्थर की प्रतिमाएं नहीं, बल्कि संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के महान विचारों का प्रतीक हैं। प्रशासन को सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस सुरक्षा और नियमित निगरानी की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “बाबा साहब का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करो” जैसे नारे लगाकर अपना रोष व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रदेश में महापुरुषों की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
धरने के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा डॉ. बी.आर. अंबेडकर चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए प्रबंधों और दिए गए आश्वासन के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श कर धरना समाप्त करने की घोषणा की।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बाद फिलहाल धरना समाप्त किया गया है, लेकिन यदि भविष्य में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो भाजपा उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जोरदार आवाज उठाएगी।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, जिला महामंत्री राजेश कपूर, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, दविंदर भारद्वाज, जिला सचिव अमित भाटिया, दीपक बावा, सोनू हंस, जातिंदर निक्का, राजन अंगुराल, जेम्स, अजमेर बादल, बोबी ढल,विकी कौशल,विपन सभरवाल, दीपक तेलू, प्रमोद कश्यप, महेंद्र भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

