जालंधर, 1 सितंबर 2026
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने आज जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि कांग्रेस नेता राजा वड़िंग के खिलाफ दर्ज एफआईआर के बावजूद करीब 11 महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होना पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी और अनुसूचित मोर्चा भाजपा पंजाब शीतल अंगूराल की उपस्थिति में सांपला ने कहा कि तरनतारन उपचुनाव के दौरान राजा वड़िंग द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सरदार बूटा सिंह के बारे में कथित तौर पर घिनौनी और नफरत भरी शब्दावली का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले में 4 नवंबर 2025 को कपूरथला में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।
उन्होंने बताया कि 5 मई को एससी आयोग ने राजा वड़िंग की गिरफ्तारी और एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह मामला हाईकोर्ट तक भी पहुंचा, जहां पंजाब सरकार ने तीन महीने का समय मांगा था। अब यह समय भी लगभग पूरा होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। सांपला ने कहा कि एससी आयोग ने दोबारा कड़े निर्देश जारी करते हुए गिरफ्तारी करने और चार्जशीट जल्द अदालत में पेश करने को कहा है।
सांपला ने कहा कि सरदार बूटा सिंह ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को समर्पित किया, इसलिए उनके परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि एससी आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए, राजा वड़िंग को गिरफ्तार किया जाए और चार्जशीट जल्द अदालत में पेश की जाए।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

