पुलिस कमिश्नर व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक; सुरक्षा के हर पहलू को अंतिम रूप देने के निर्देश
जालंधर, 16 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर पंजाब पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव गुरुवार को जालंधर पहुंचे और कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर, आसपास के क्षेत्रों और प्रधानमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा घेरों और पुलिस की तैनाती की समीक्षा की। उनके साथ जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह सहित जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक भी की, जिसमें प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़े प्रत्येक सुरक्षा पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाए और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता के साथ निभाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

