- बोले—जवानी संभालने की बात करने वाले चन्नी पहले दलित समाज के अपमान का दें जवाब, 27 अक्टूबर की घटना पर कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
रूपनगर, 12 नवंबर 2026। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में निकाली जाने वाली ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ से पहले चमकौर साहिब में राजनीतिक विरोध शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जसवीर सिंह गढ़ी ने यात्रा को लेकर चन्नी और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए दलित समाज के सम्मान और अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को नशों से बचाने की बात करने वाली कांग्रेस को पहले दलित समाज के अपमान के मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
गढ़ी ने कहा कि चन्नी पंजाब की जवानी को नशों से बचाने के लिए साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि दलित समाज की जवानी और उसके सम्मान की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? उन्होंने चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांवों में शराब और अन्य नशों के कथित बढ़ते चलन का जिक्र करते हुए चन्नी से जवाब मांगा।
गढ़ी ने 27 अक्टूबर को कांग्रेस भवन में रणजीत सिंह तरखाण माजरा के साथ हुई कथित मारपीट का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि इस घटना में रोपड़ से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा उम्मीदवार बरिंदर सिंह ढिल्लों का नाम सामने आया था, लेकिन पार्टी ने अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि चन्नी को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने चन्नी के उस कथित बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि रणजीत सिंह तरखाण माजरा चार थप्पड़ क्यों नहीं मार सका। गढ़ी ने कहा कि इस तरह की सोच समाज में बदले की भावना को बढ़ावा देती है और संविधान की मूल भावना के विपरीत है। किसी भी विवाद का समाधान हिंसा से नहीं, बल्कि कानून और संविधान के दायरे में रहकर होना चाहिए।
गढ़ी ने कहा कि जब चन्नी के खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां की गई थीं, तब दलित समाज उनके समर्थन में खड़ा हुआ था, लेकिन आज जब दलित समाज के सम्मान का सवाल है तो उनकी चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि दलित समाज को अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई के लिए एकजुट होना होगा।
उन्होंने बताया कि वह पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठा चुके हैं। अब चमकौर साहिब से दलित समाज को एकजुट करने की मुहिम शुरू की जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस की यह यात्रा जहां-जहां पहुंचेगी, वहां दलित समाज अपने अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज बुलंद करेगा।
गढ़ी ने साइकिल यात्रा के लिए खरीदी गई साइकिलों की कीमत और उनकी खरीद में इस्तेमाल किए गए फंड के स्रोतों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि साइकिलों की खरीद और फंडिंग से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

