होशियारपुर 16 सितंबर 2026
पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव बाड़ियां कलां में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ के मामले को लेकर बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बसपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सांपला को चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के गांव बाड़ियां कलां में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कथित तौर पर पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त किया गया था। पुलिस के अनुसार, प्रतिमा के चेहरे और हाथ की एक उंगली को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के विरोध में बुधवार को बसपा कार्यकर्ताओं की ओर से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल और होशियारपुर भाजपा के जिला अध्यक्ष नीतिन गुप्ता नन्नू अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि मौके पर किसी बात को लेकर भाजपा और बसपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी शुरू होने के बाद स्थिति बिगड़ गई और कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होने लगी।
इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा विजय सांपला से माइक लेने और कथित तौर पर उसी माइक से उन पर वार करने की बात सामने आई है। घटना में सांपला को चोट और खरोंचें आने की जानकारी है। अचानक हुए घटनाक्रम के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान बसपा कार्यकर्ताओं के बीच भी आपस में झड़प होने की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के मामले के साथ-साथ प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पुलिस की ओर से इस मामले में किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

