-
दो-तिहाई सांसदों के विलय का दावा, संविधान के प्रावधानों का हवाला
-
आप ने इसे ‘ऑपरेशन लोटस’ बताया, अरविंद केजरीवाल ने जताई नाराज़गी
24 अप्रैल 2026:
पंजाब से आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इस्तीफा देने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उनके साथ आप के कुल 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में विलय करने जा रहे हैं।

चंडीगढ़ में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठकऔर अशोक मित्तल भी मौजूद रहे। चड्ढा ने कहा, “हमने फैसला किया है कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के तहत बीजेपी में विलय करेंगे।”
उन्होंने बताया कि आप के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद इस फैसले का हिस्सा हैं। इस सूची में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी के नाम शामिल बताए गए हैं। राघव चड्ढा ने अपने फैसले को “भारी मन” से लिया गया कदम बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपने मूल आदर्शों और सिद्धांतों से भटक चुकी है। उन्होंने कहा, “मैं आम आदमी पार्टी से दूर जा रहा हूं और जनता के साथ खड़ा हो रहा हूं।”
यह घटनाक्रम आप नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के प्रमुख चेहरे एक साथ अलग हो रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में पार्टी ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से राघव चड्ढा को हटाकर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी, जो अब खुद बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम को बीजेपी का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार दिया है। पार्टी का आरोप है कि बीजेपी विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए इस तरह की रणनीति अपना रही है।
आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए बिना नाम लिए लिखा, “बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ धक्का किया है।” राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यदि दो-तिहाई सांसदों का विलय संवैधानिक रूप से मान्य होता है, तो यह कदम दल-बदल कानून के दायरे से बाहर रह सकता है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अंतिम स्थिति संसदीय प्रक्रियाओं और कानूनी व्याख्या के बाद ही स्पष्ट होगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
