जालंधर, 24 जुलाई 2026
नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को जालंधर में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने न्याय सत्याग्रह शुरू किया गया। इस दौरान ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड पंजाब के पूर्व डायरेक्टर एवं युवा नेता रवीश राज शर्मा ने 12 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजिंदर बेरी भी सत्याग्रह में मौजूद रहे।
डिप्टी कमिश्नर कार्यालय स्थित पुडा परिसर में शुरू हुए इस न्याय सत्याग्रह के दौरान रवीश राज शर्मा ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि एक सामाजिक मंच के माध्यम से आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और उन्हें न्याय दिलाने की मांग करना है।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आंदोलन का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि विद्यार्थियों की मांगों का जवाब संवाद के बजाय बल प्रयोग से दिया जाएगा, तो इससे युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।
रवीश राज शर्मा ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब युवाओं ने अपने अधिकारों और देश के भविष्य के लिए आवाज उठाई है, तब-तब सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। साथ ही दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।न्याय सत्याग्रह के दौरान उपस्थित लोगों ने युवाओं के अधिकारों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

