जालंधर, 2 सितंबर 2026
जालंधर की राजनीति में बुधवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब जालंधर नॉर्थ हलके के पूर्व इंचार्ज दिनेश ढल्ल ने भाजपा का दामन थाम लिया। स्थानीय होटल में आयोजित भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई में दिनेश ढल्ल और उनके समर्थकों को पार्टी में शामिल करवाया गया।
भाजपा नेताओं ने पार्टी में शामिल होने पर दिनेश ढल्ल का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी में शामिल होने के बाद दिनेश ढल्ल पूर्व विधायक के.डी. भंडारी से भी मिले। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय के नारे लगाए।
हलका इंचार्ज पद से हटाए जाने के बाद चल रहे थे नाराज
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी ने संगठन में फेरबदल करते हुए दिनेश ढल्ल को जालंधर नॉर्थ हलके के इंचार्ज पद से हटा दिया था। उनकी जगह जालंधर के मेयर विनीत धीर को नॉर्थ हलके की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से ही दिनेश ढल्ल और उनके समर्थकों में पार्टी के इस फैसले को लेकर नाराजगी की चर्चा थी।
हालांकि दिनेश ढल्ल ने उस समय पार्टी के फैसले पर सार्वजनिक रूप से आपत्ति नहीं जताई थी, लेकिन इसके बाद उनके भाजपा नेताओं के संपर्क में आने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। बुधवार को उन्होंने भाजपा में शामिल होकर इन चर्चाओं को विराम दे दिया।
जालंधर नॉर्थ हलके में दिनेश ढल्ल को एक प्रभावशाली राजनीतिक चेहरा माना जाता है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनका भाजपा में शामिल होना जालंधर की राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। भाजपा को उम्मीद है कि उनके पार्टी में आने से नॉर्थ हलके में संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका राजनीतिक फायदा मिल सकता है।
हालांकि भाजपा में पहले से मौजूद कुछ स्थानीय नेताओं के साथ दिनेश ढल्ल के राजनीतिक समीकरण किस तरह बनते हैं, यह भी आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।
भाजपा अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव : केवल सिंह ढिल्लों
दिनेश ढल्ल को भाजपा में शामिल करवाने के बाद पंजाब भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी और किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

