-
परगट सिंह और सुशील रिंकू से की मुलाकात
जालंधर, 20 नवंबर 2026: राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने शुक्रवार को जालंधर में कांग्रेस नेता एवं पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह और भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू से मुलाकात की। बाबा जी के दोनों प्रमुख राजनीतिक नेताओं के निवास पर पहुंचने को लेकर शहर के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के परगट सिंह के निवास पर पहुंचने पर परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला। परगट सिंह ने परिवार सहित बाबा जी का स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने उनके साथ समय बिताया और मुलाकात को लेकर खुशी जाहिर की।
इसके बाद बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू के निवास पर भी पहुंचकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के साथ हुई मुलाकातों के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बाबा जी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 नवंबर को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने भी बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मुलाकात की थी। उस दौरान पंजाब में शांति एवं सद्भाव, सांप्रदायिक सौहार्द, युवाओं के भविष्य और नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं से निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया गया था।
बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की पंजाब के विभिन्न राजनीतिक नेताओं से हो रही मुलाकातों को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले

राजनीतिक गलियारों में चर्चा के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इन मुलाकातों को लेकर किसी राजनीतिक समर्थन या चुनावी रणनीति की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

