- लंदन की मॉडल लाली ने वीडियो जारी कर बताई आपबीती, ऑटो चालक और होटल मालिक ने की मदद; दोस्त ने पुणे की फ्लाइट टिकट कराई
अमृतसर, 6 नवंबर 2026
अमृतसर में वाघा बॉर्डर घूमकर लौट रही लंदन की एक विदेशी टूरिस्ट के साथ स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार झपटमार करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का iPhone 17 Pro Max छीनकर फरार हो गया। पीड़ित टूरिस्ट की पहचान लाली के रूप में हुई है, जो पंजाबी गाने में मॉडलिंग भी कर चुकी हैं। लाली ने अब सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी घटना की जानकारी दी है।
लाली ने बताया कि 31 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे वह अपने दोस्तों के साथ वाघा बॉर्डर घूमकर ऑटो से वापस लौट रही थीं। सभी लोग ऑटो में गाने सुनते हुए मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान रामतलाई चौक के पास बाइक सवार एक युवक अचानक ऑटो के नजदीक आया और उनकी गोद में रखा iPhone झपटकर फरार हो गया। लाली के मुताबिक, आरोपी की बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
लाली ने बताया कि उन्होंने मोबाइल मजबूती से पकड़ा हुआ था, लेकिन झपटमार उसे छीनकर भागने में कामयाब रहा। फोन के कवर में एक मोर पंख भी रखा हुआ था, जो उन्हें भारत में मिले एक व्यक्ति ने उपहार के रूप में दिया था। मोबाइल के साथ उस याद के खोने का भी उन्हें काफी दुख हुआ।
इस मुश्किल समय में अमृतसर के स्थानीय लोगों ने लाली की काफी मदद की। ऑटो चालक विक्की ने उन्हें इस्तेमाल के लिए अपना अतिरिक्त मोबाइल दिया, जबकि होटल मालिक विकास ने उनके माता-पिता से इंटरनेशनल कॉल पर बात करवाई। इसके अलावा पुलिस स्टेशन जाने के दौरान भी उनकी मदद की गई।
लाली के दोस्त नदीम ने उन्हें नया मोबाइल खरीदने के लिए पैसे दिए। इसके साथ ही दिवाली मनाने के लिए पुणे जाने की फ्लाइट टिकट भी बुक करवाई।
लाली ने कहा कि यह भारत की उनकी नौवीं यात्रा थी। मोबाइल छिनने की घटना से उन्हें दुख जरूर हुआ, लेकिन भारत, पंजाब और अमृतसर के प्रति उनका प्यार कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में यहां के लोग परिवार की तरह मदद के लिए आगे आते हैं।
उन्होंने अन्य पर्यटकों को भी सलाह दी कि अमृतसर घूमने के दौरान अपने मोबाइल और दूसरे कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। इस मामले में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है। लाली पंजाबी गाने ‘सोहनी नहीं’ में मॉडलिंग कर चुकी हैं। यह गाना 15 जुलाई 2026 को यूट्यूब पर रिलीज हुआ था और इसे अब तक ढाई लाख से अधिक बार देखा जा चुका है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

