-
मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच तेज
-
गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर में एक साथ सर्च ऑपरेशन
चंडीगढ़,17 अप्रैल 2026
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और उद्योगपति संजीव अरोड़ा के घर समेत कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (https://hindinewsexpress.com/punjab/ईडीईडी) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग, जमीन सौदों में अनियमितताओं और वित्तीय लेन-देन से जुड़े पुराने मामलों की जांच के तहत की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह लुधियाना स्थित अरोड़ा के आवास पर पहुंची, जहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई। इसके साथ ही उनके कारोबारी साझेदारों—लुधियाना के हेमंत सूद और जालंधर के चंद्रशेखर अग्रवाल—के घरों और दफ्तरों में भी तलाशी ली गई।
जानकारी के मुताबिक, ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत गुरुग्राम, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर में कुल 13 स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इन ठिकानों में संजीव अरोड़ा और उनके करीबियों के आवास, कार्यालय और कारोबारी प्रतिष्ठान शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनी ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ (पूर्व में रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड) पर जमीन उपयोग में गड़बड़ी, शेयर बाजार में कथित हेराफेरी, हवाला लेन-देन और दुबई से भारत में धन लाने जैसे आरोप हैं। यह कंपनी रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में सक्रिय है और फिलहाल इसके मैनेजिंग डायरेक्टर उनके बेटे काव्य अरोड़ा हैं, जिनके ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि छापेमारी के समय संजीव अरोड़ा सरकारी कार्य के सिलसिले में विदेश यात्रा पर हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें कई अहम दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनसे जुड़े डिजिटल डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, जिससे मामले में और खुलासे हो सकते हैं। हालांकि, अब तक प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस पूरे मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
अरोड़ा ने कहा—पूरा सहयोग करूंगा
ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए संजीव अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “मेरे परिसरों में ईडी की छापेमारी हुई है। एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर मैं एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा और मुझे विश्वास है कि सच की ही जीत होगी।”
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
