यूरोप व्यापार समझौते में गेहूं और दूध को बाहर रखने के फैसले को बताया ऐतिहासिक, 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनाने का किया आह्वान
जालंधर, 17 जुलाई 2026
पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी पंजाब खाली हाथ नहीं आते, बल्कि हर बार राज्य के लिए विकास की नई सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर पंजाब को नई दिशा देने का कार्य किया है। इसके लिए उन्होंने पूरे पंजाब की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जालंधर यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
ढिल्लों ने यूरोपीय देशों के साथ हुए व्यापार समझौते में गेहूं और दूध को समझौते से बाहर रखकर किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से देश के किसानों के हित सुरक्षित रहेंगे। इस दौरान किसानों के प्रतीक हरे रंग की पगड़ी पहने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर मुस्कुराते नजर आए।
उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों के साथ हुए इस व्यापार समझौते से पंजाब को बड़ा लाभ मिलेगा। लुधियाना की होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर का खेल एवं चमड़ा उद्योग, बटाला की मशीनरी तथा पंजाब के किसानों का बासमती चावल, फल और सब्जियां अब 27 यूरोपीय देशों में बिना किसी टैरिफ के निर्यात की जा सकेंगी।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के किसानों को गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का काम मोदी सरकार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय किसानों के लिए एमएसपी में केवल 10 से 15 रुपये की बढ़ोतरी होती थी, जबकि मोदी सरकार किसानों की मांग किए बिना ही एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि कर रही है।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान के पुत्र हैं और किसानों की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। जब तक पंजाब का किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक पंजाब भी समृद्ध नहीं बन सकता। किसानों को समृद्ध बनाने का कार्य भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है।
देश की अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए ढिल्लों ने कहा कि दुनिया के कई बड़े देश आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत लगभग 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना भी शीघ्र साकार होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में मोबाइल निर्माण की केवल दो इकाइयां थीं, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर लगभग 300 हो गई है।
ढिल्लों ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह की सरकार-ए-खालसा जैसी सरकार बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर नशा, गैंगस्टरवाद और बेरोजगारी जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाएगा तथा पंजाब की आन, बान और शान को बहाल किया जाएगा।
पंजाब की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य लगातार पिछड़ता जा रहा है। नशा, बेरोजगारी और गैंगस्टरवाद ने पंजाब को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर ही संभव है।
आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब विकास के मामले में पहले स्थान से फिसलकर 18वें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि उत्तर प्रदेश 20वें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब को बुरी नजर लग गई है और इसे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सही दिशा मिल सकती है। उन्होंने लोगों से पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे समय पंजाब आए हैं, जब राज्य गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों पर संकट मंडरा रहा है और इसके लिए आम आदमी पार्टी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए उन्हें “झूठा सनातनी“ बताया।
कार्यक्रम को पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक, मनप्रीत सिंह बादल, महारानी परनीत कौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, अशोक मित्तल, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, तथा राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने भी संबोधित किया।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

