जंतर-मंतर पर तनावपूर्ण स्थिति बनी
नई दिल्ली, 18 जुलाई। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने उठा लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिससे जंतर-मंतर पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार, वांगचुक की लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दूसरी ओर, प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर अस्पताल पहुंचाया और इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और हिरासत में भी लिया। सोशल मीडिया पर जारी बयान में दीपके ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से छात्रों को भी हटाया और विरोध प्रदर्शन को रोकने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने पहले ही 20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान किया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने यह कार्रवाई कर दी।
इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे थे। उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। अदालत ने पहले दिल्ली सरकार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वांगचुक की प्रतिदिन क्लिनिकल स्वास्थ्य जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
वांगचुक का इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक भूख हड़ताल के कारण उनका वजन 9 किलोग्राम से अधिक कम हो चुका है और उनके शरीर के अंगों पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। चिकित्सकों ने चेतावनी दी थी कि उनकी स्थिति गंभीर होती जा रही है और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है।
फिलहाल सोनम वांगचुक का सफदरजंग अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

