- जालंधर से पीएम मोदी ने ₹5,470 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
- नई रेल सेवाओं को दिखाई हरी झंडी; पंजाब सरकार पर साधा निशाना
जालंधर, 17 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जालंधर दौरे के दौरान पंजाब को ₹5,470 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से करटोली (पंजाब)-अंबाला नई रेल सेवा तथा जालंधर-वाराणसी नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने लुधियाना बाईपास, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक हिस्से समेत कई सड़क और रेल परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में करते हुए कहा, “पंजाबियों, किवें हो? चढ़दी कलां च हो?” उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के एक नए उत्सव का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्हें हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने तथा कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय सिख गुरुओं के इतिहास, विचारों और विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री ने जालंधर के लोगों द्वारा उनके स्वागत के लिए चलाए गए स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को यहां के लोगों ने सही मायनों में अपनाया है। उन्होंने तेजा सिंह समुद्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब को कई महत्वपूर्ण रेल और सड़क परियोजनाओं का लाभ मिला है। अमृतसर से काशी के बीच नई रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी। दौलतपुर चौक-करटोली नई रेल लाइन शुरू की गई है, जबकि करटोली से अंबाला के बीच नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई है। इसके अलावा लुधियाना बाईपास का शिलान्यास और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक महत्वपूर्ण सेक्शन का लोकार्पण भी किया गया। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं पंजाब में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार को नई गति देंगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों लोगों की जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस सरकारें नई ट्रेनों की केवल घोषणाएं करती थीं, जबकि रेलवे स्टेशनों और बुनियादी ढांचे की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि आज देशभर में रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अपने संबोधन के राजनीतिक हिस्से में प्रधानमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की वास्तविक स्थिति को विज्ञापनों के माध्यम से छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है, गैंगवार और रंगदारी की घटनाएं बढ़ी हैं, व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं तथा पुलिस थानों तक पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने नशे के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार कर देश के हर क्षेत्र को विकास से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब में शुरू की गई रेल और सड़क परियोजनाएं राज्य के आर्थिक विकास, औद्योगिक निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगी तथा लोगों को बेहतर, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

