पंजाब में भाजपा सरकार आई तो पहला बिल होगा धर्म परिवर्तन के खिलाफ: अमित शाह
मोगा रैली में बोले केंद्रीय गृहमंत्री – 2 साल में पंजाब को नशा मुक्त करेंगे, AAP सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार और दिल्ली से रिमोट कंट्रोल का आरोप
मोगा
मोगा के किल्ली चहला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। केसरी पगड़ी पहनकर मंच से उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य में सबसे पहला बिल धर्म परिवर्तन के खिलाफ लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। शाह ने कहा कि भाजपा ने देश से धारा 370 हटाने और नक्सलवाद को खत्म करने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया। उन्होंने दावा किया कि अब देश में केवल सात जिलों में ही नक्सलवाद बचा है और वह भी जल्द खत्म कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने पंजाब में नशे के मुद्दे पर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो दो साल के भीतर पंजाब को नशा मुक्त बना दिया जाएगा।रैली के दौरान शाह ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और आज पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अरविंद केजरीवाल के “पायलट” बनकर रह गए हैं। शाह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली से चार “सूबेदार” पंजाब में बैठा रखे हैं, जो राज्य का पैसा लूटकर दिल्ली ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा राज्य को विकास, सुरक्षा और नशामुक्ति की दिशा में आगे ले जाएगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें