-
IndiGo ने टिकट पर लगाया ₹425–₹2300 तक फ्यूल सरचार्ज
-
14 मार्च 2026 से नई बुकिंग पर लागू होगा अतिरिक्त चार्ज, ATF महंगा होने से एयरलाइंस ने बढ़ाए किराए
14 March 2026
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईंधन की कीमतों में तेज उछाल का असर अब भारत में हवाई यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट पर अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है।
कंपनी के अनुसार 14 मार्च 2026 को रात 12:01 बजे से की जाने वाली सभी नई टिकट बुकिंग पर अतिरिक्त ईंधन शुल्क लगाया जाएगा। इसके तहत यात्रियों को अब फ्लाइट टिकट पर ₹425 से ₹2300 तक अतिरिक्त भुगतान करना होगा। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि नई टिकट कीमतें 14 मार्च से ही लागू होंगी।
एयरलाइन के मुताबिक मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में अचानक भारी बढ़ोतरी हुई है। यही कारण है कि कंपनी को टिकटों पर अतिरिक्त शुल्क लगाना पड़ा है।
रिपोर्ट के अनुसार International Air Transport Association के जेट फ्यूल मॉनिटर के आंकड़ों में बताया गया है कि इस क्षेत्र में विमान ईंधन की कीमतें 85 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुकी हैं। एयरलाइंस कंपनियों की कुल संचालन लागत में एविएशन टर्बाइन फ्यूल का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए ईंधन महंगा होने का सीधा असर टिकट किराए पर पड़ता है।
इससे पहले Air India ने भी 12 मार्च से हर घरेलू उड़ान पर ₹399 का अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लागू किया था। इसके बाद कई प्रमुख रूटों पर हवाई किराए में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है।
रांची समेत कई शहरों से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए फ्लाइट टिकटों के किराए में हाल के दिनों में 25 से 35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एयरलाइंस कंपनियों द्वारा फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने और एटीएफ की कीमतों में उछाल के कारण यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
इंडिगो का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए किराए में बड़ी बढ़ोतरी की जा सकती थी, लेकिन यात्रियों पर कम से कम असर पड़े इसलिए फिलहाल सीमित फ्यूल सरचार्ज लगाया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह बाजार की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर इन चार्जेस में बदलाव किया जा सकता है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
