नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंका
जालंधर, 14 अक्टूबर 2026
मानसा में सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में भाजपा जालंधर शहरी ने जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की की अध्यक्षता में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर रोष जताया और पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने पंजाब के राज्यपाल के नाम डिप्टी कमिश्नर, जालंधर को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधारने और नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि मानसा में नशे की बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या किया जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि ऐसे लोगों को सरेआम निशाना बनाया जाता है, तो यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि पंजाब सरकार नशामुक्त प्रदेश बनाने के दावे करती है, लेकिन नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित रहने के बजाय नशा तस्करी के खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि लोग बिना किसी डर के नशे के खिलाफ अपनी आवाज उठा सकें।
प्रदर्शन के उपरांत भाजपा जालंधर शहरी के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से पंजाब के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार, नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर, जालंधर के पूर्व सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कुमार रिंकू, पूर्व सदस्य सचिव कृष्ण देव भंडारी, प्रदेश सचिव अविनाश चंद्र कलेर, प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह अमरी, दिनेश ढल्ल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा, रमन पब्बी, रवि महेंद्रू, अनिल सच्चर, मनजीत सिंह टीटू, राजीव ढींगरा, भगवंत प्रभाकर, अमित सिंह संधा, रवि कुमार, तरविंदर सोई और अमित ढल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अमित भाटिया, जिला उपाध्यक्ष मनीष विज, अश्विनी भंडारी, भूपेंद्र कुमार, दविंदर भारद्वाज, शैली खन्ना, अनु शर्मा, शालू कुमारी, सुमन राणा, जिला सचिव श्याम शर्मा, अश्विनी अटवाल, गौरव महे, योगेश मल्होत्रा, बृजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनहर पाषाण, आर.के. मल्होत्रा, दिनेश महेंद्रू, तरुण छाबड़ा, संदीप कुमार, क्षितिज ढल, मनीष बल, प्रदीप खुल्लर, अजय ठाकुर, सोनू चौहान, ऋषि बहल, अश्विनी दीवान, हैप्पी, सुनील चोपड़ा, संजीव शर्मा मनी, साहिल शर्मा, यजीत हुरिया, नीरज गुप्ता, अजमेर सिंह बादल, महेंद्र भगत, प्रमोद कश्यप, डिंपी लुबना, गौरव राय, गोल्डी भाटिया, मिंटा कोछड़, सोनू हंस और दीपक बावा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

