विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी
चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026:
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने वरिष्ठ नेता एवं सांसद सतीश पूनिया को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।
सतीश पूनिया स्वर्गीय विजय रूपाणी के बाद पंजाब भाजपा प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और पार्टी की चुनावी तैयारियों को धार देना उनके सामने प्रमुख चुनौतियां होंगी।
पार्टी की ओर से पूनिया को पंजाब भाजपा की प्रदेश इकाई और नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। संगठनात्मक स्तर पर होने वाले बदलावों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के साथ-साथ अलग-अलग स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी को मजबूत आधार देने पर उनका फोकस रहेगा।
गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में सोमवार, 17 अगस्त को सांसद सतीश पूनिया को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया था। इसके अगले ही दिन उन्हें पंजाब भाजपा का प्रभारी बनाया गया। पार्टी ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश और तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया है।
राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद सतीश पूनिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा था कि भाजपा में कार्यकर्ता के रूप में काम करना ही उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कार्यकर्ता थे, आज भी कार्यकर्ता हैं और भविष्य में भी कार्यकर्ता के रूप में ही पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।
पूनिया ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सतीश पूनिया की नियुक्ति को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है। अब उनके नेतृत्व में प्रदेश संगठन में होने वाले बदलाव और चुनावी रणनीति पर सभी की नजरें रहेंगी।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

