प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने संभाली कमान
जालंधर, 16 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित पंजाब दौरे से पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में दो दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत गुरुवार को पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर के बाबा बुद्धा जी नगर स्थित पार्क में दकोहा मंडल अध्यक्ष चंदन रखेजा के नेतृत्व में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया और स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब में पूरे उत्साह और भव्यता के साथ स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा के साथ-साथ प्रदेश का जन-जन प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साहित है और उनके अभिनंदन के लिए पूरी तैयारी कर चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन के उपलक्ष्य में भाजपा पंजाब द्वारा पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत प्रदेश के 620 भाजपा मंडलों में 3,100 से अधिक स्थानों पर सफाई अभियान आयोजित किए गए। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, अस्पतालों, मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
ढिल्लों ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘स्वच्छ भारत अभियान’ से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का आंदोलन है। अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पंजाब दौरे के दौरान राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ने वाली परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास तथा पीजीआई में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया जाएगा।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और देश जल्द ही विश्व के अग्रणी विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें

