ईरान–इजरायल तनाव का असर, आज से नई दरें लागू
- 7 मार्च से नई दरें लागू, दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये हुआ
- होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर बढ़ेगा खर्च का दबाव
- मिडिल ईस्ट तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल
- कमर्शियल सिलेंडर के दाम 7 दिन में दूसरी बार बढ़े
- पेट्रोल-डीजल की कीमतें फिलहाल लगभग स्थिर बनी हुई हैं
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल बाजार में उथल-पुथल का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देशभर में घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें शनिवार, 7 मार्च 2026 से लागू हो गई हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 115 रुपये तक की वृद्धि हुई है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की नई कीमतें
- दिल्ली: 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये
- मुंबई: 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये
- चेन्नई: 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये
नई दरें 7 मार्च से पूरे देश में प्रभावी हो गई हैं।
कमर्शियल सिलेंडर भी महंगे
व्यवसायों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हुआ है।
- दिल्ली: 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये
- मुंबई: 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये
- कोलकाता: 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये
- चेन्नई: 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये
ध्यान देने वाली बात यह है कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम 7 दिनों के भीतर दूसरी बार बढ़े हैं। इससे पहले 1 मार्च को भी कीमतों में 28 से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी।
मिडिल ईस्ट तनाव का असर- विशेषज्ञों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने के बाद तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की आपूर्ति होती है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल
वैश्विक बाजार में भी कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं।
- WTI क्रूड ऑयल: लगभग 12 डॉलर प्रति बैरल की तेजी के साथ 90 डॉलर के पार
- ब्रेंट क्रूड: करीब 93.04 डॉलर प्रति बैरल
- भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह कीमतों में 8–12% तक उछाल दर्ज किया गया
तेल की कीमतों में इस अचानक तेजी ने वैश्विक कमोडिटी बाजार में हलचल मचा दी है।
पेट्रोल-डीजल फिलहाल स्थिर
हालांकि LPG की कीमतें बढ़ने के बावजूद पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल लगभग स्थिर बने हुए हैं। कुछ शहरों में स्थानीय स्तर पर मामूली पैसों का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
📲 राष्ट्रीय, पंजाब और राजनीति की ताज़ा और प्रमाणिक खबरें सबसे पहले सीधे आपके WhatsApp पर पाएं।
💬 WhatsApp ग्रुप जॉइन करें
